Sonbbadra News : सीडीओ ने किया प्रदेश के पहले स्पेस लैब का शुभारंभ
अब परिषदीय विद्यालयों के बच्चों की उड़ान गांव से गैलेक्सी तक होगी। आज सीडीओ जागृति अवस्थी ने घोरावल ब्लॉक के रघुनाथपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय में प्रदेश के पहले जनजातीय स्पेस लैब का उद्घाटन किया......

sonbhadra
9:48 PM, February 27, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । अब परिषदीय विद्यालयों के बच्चों की उड़ान गांव से गैलेक्सी तक होगी। आज सीडीओ जागृति अवस्थी ने घोरावल ब्लॉक के रघुनाथपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय में प्रदेश के पहले जनजातीय स्पेस लैब का उद्घाटन किया। इस शानदार पहल के लिए सीडीओ ने ग्राम प्रधान और विद्यालय के शिक्षकों की सराहना की।
आज सीडीओ जागृति अवस्थी और बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय ने घोरावल ब्लॉक के रघुनाथपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय में प्रदेश के पहले जनजातीय स्पेस लैब का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस दौरान स्पेश सूट पहने खड़े बच्चे मुख्य अतिथियों को स्पेस लैब के बारे में जानकारी देते दिखे। बेसिक शिक्षा विभाग की तरफ से रघुनाथपुर गांव में बनाया गया इस तरह का स्पेस लैब यूपी के किसी भी जनजातीय बाहुल्य गांव का पहला लैब है। सीडीओ जागृति अवस्थी ने स्पेस लैब में टेलीस्कोप, मानव कंकाल, चंद्रयान एवं स्पेस संबंधित विविध मॉडल देख उपस्थित छात्रों से उनकी जानकारी ली और उनका उत्साहवर्धन भी किया। इस दौरान उन्होंने इस आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में इस शानदार पहल के लिए ग्राम प्रधान परमेश्वर पाल और विद्यालय के शिक्षकों की सराहना भी की। ग्राम प्रधान एवं विद्यालय के शिक्षकों के सहयोग से बने स्पेस लैब को देख प्रशासनिक अधिकारी आह्लादित हो उठे।
आज विद्यालय का वार्षिकोत्सव भी धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान विद्यालय के वार्षिकोत्सव में बच्चों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। नृत्य, नाटक, एकांकी से सबका मन मोहा।
कार्यक्रम डीपीआरओ नमिता शरण, डीसी मनरेगा रवींद्र वीर, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष अशोक त्रिपाठी, सौरभ कार्तिकेय, हिमांशु मिश्र आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री इंदुप्रकाश सिंह ने किया।



