Sonbhadra News : एक कॉल पर हरकत में आई 1098 टीम, भटकी मूक-बधिर बालिका को परिवार से मिलाया, परिजन हुए भावुक
चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की सक्रियता और तत्परता से सोमवार की रात भटकी हुई एक मूक-बधिर बालिका को सुरक्षित उसके परिजनों से मिलाया गया। इस मानवीय पहल की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही.....

sonbhadra
11:12 AM, May 5, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की सक्रियता और तत्परता से सोमवार की रात भटकी हुई एक मूक-बधिर बालिका को सुरक्षित उसके परिजनों से मिलाया गया। इस मानवीय पहल की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात स्थानीय लोगों द्वारा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना दी गई कि सब्जी मंडी के पास एक बालिका भटकती हुई मिली है। सूचना मिलते ही परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे और सुपरवाइजर सुधा गिरी के साथ बालिका को अपने संरक्षण में लिया।
बालिका को सुरक्षित करने के बाद टीम उसे आदर्श कोतवाली रॉबर्ट्सगंज लेकर पहुंची। पूछताछ के दौरान पता चला कि बालिका न तो बोल सकती है और न ही सुन सकती है, जिससे उसकी पहचान करना चुनौतीपूर्ण हो गया। हालांकि उसके पास मौजूद बैग की तलाशी लेने पर एक चिकित्सकीय पर्ची मिली, जिसमें ग्राम ‘सोतील’ का उल्लेख था।
इस सुराग के आधार पर चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने संबंधित ग्राम पंचायत के प्रधान से संपर्क साधा और बालिका के परिजनों तक सूचना पहुंचाई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद बाल कल्याण समिति के निर्देश पर उनका विधिवत सत्यापन किया गया।
सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बालिका को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। अपनी बेटी को सकुशल पाकर परिजन भावुक हो उठे और चाइल्ड हेल्पलाइन टीम का आभार जताया।
इस पूरी कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया कि आपात स्थितियों में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 बच्चों के लिए एक भरोसेमंद सहारा है।




