Sonbhadra News : नाबालिक बालिका हत्याकांड मामले में आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, रिश्ते में लगता था मामा
म्योरपुर थाना अंतर्गत सोमवार को एक 12 वर्षीय बालिका की हत्या के आरोप में मृतका के पड़ोस में रहने वाले एक युवक को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया ।

sonbhadra
11:05 PM, April 27, 2026
एस प्रसाद (संवाददाता)
म्योरपुर (सोनभद्र) । म्योरपुर थाना अंतर्गत सोमवार को एक 12 वर्षीय बालिका की हत्या के आरोप में मृतका के पड़ोस में रहने वाले एक युवक को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया । आरोपी मृतका का दूर के रिश्ते में मामा लगता है । उक्त जानकारी पुलिस के एक अधिकारी ने दी ।
पुलिस क्षेत्राधिकारी हर्ष पांडेय ने बताया कि सोमवार को सुबह म्योरपुर थाना क्षेत्र में एक 12 वर्षीया बालिका का शव संदिग्धावस्था में बरामद हुआ था । घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्यवाही करते हुए अभियोग पंजीकृत कर जांच प्रारंभ कर दी थी । सीओ ने बताया कि पुलिस की जाँच में आरोपी दीपक कुमार पुत्र नंदलाल का नाम प्रकाश में आया । उन्होंने बताया कि आरोपी मृतका का पड़ोसी होने के साथ ही दूर के रिश्ते में मामा लगता है । उन्होंने बताया कि प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने जब दबिश दी तो आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया । क्षेत्राधिकारी ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी । उन्होंने बताया कि आरोपी को घायलावस्था में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया तथा चिकित्सालय में भर्ती करा दिया है । उन्होंने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में जुर्म को कबूल कर लिया । उन्होंने कहा कि घटना का कारण पूछताछ के बाद पता चलेगा l पुलिस द्वारा अग्रिम कार्यवाही की जा रही है ।



