Sonbhadra News : तेज गर्मी के बीच प्रशासन का अलर्ट जारी, दोपहर में घर से निकलने से बचने की सलाह
जनपद में तापमान 40 से 42 डिग्री के बीच पहुंचने और आगामी दिनों में 45 डिग्री तक जाने की संभावना के मद्देनजर प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि शरीर में पानी और......

sonbhadra
7:33 PM, April 23, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जनपद में तापमान 40 से 42 डिग्री के बीच पहुंचने और आगामी दिनों में 45 डिग्री तक जाने की संभावना के मद्देनजर प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि शरीर में पानी और नमक की कमी लू का मुख्य कारण बनती है, इसलिए समय रहते बचाव बेहद जरूरी है।
अपर जिलाधिकारी (वि/रा) वागीश कुमार शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि "तेज गर्म हवाओं और लगातार बढ़ते तापमान के कारण हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि लू के प्रमुख लक्षणों में गर्म और शुष्क त्वचा, पसीना न आना, तेज नाड़ी, सांस लेने में तेजी, सिरदर्द, चक्कर आना, उलझन, मितली और कमजोरी शामिल हैं। गंभीर स्थिति में पेशाब कम होना या बंद हो जाना भी संकेत हो सकता है।प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, लोगों को अधिक से अधिक पानी पीना चाहिए, भले ही प्यास न लगे। हल्के रंग के ढीले और सूती कपड़े पहनें तथा धूप में निकलते समय सिर को ढकें। छाता, गमछा, टोपी और चश्मे का उपयोग करने की सलाह दी गई है। बाहर काम करने वाले लोग अपने शरीर को गीले कपड़े से ढककर रखें और नियमित अंतराल पर आराम करें।"
जिला प्रशासन ने इसके अलावा घर को ठंडा रखने, पर्याप्त वेंटिलेशन रखने और दिन में कई बार स्नान करने की भी सलाह दी गई है। लस्सी, छाछ, नींबू पानी और अन्य घरेलू पेय पदार्थों का सेवन कर शरीर में पानी की कमी को पूरा करने पर जोर दिया गया है। दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक घर के अंदर रहने की अपील की गई है। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि गहरे रंग और तंग कपड़ों से बचें, खाली पेट बाहर न निकलें और चाय, कॉफी व शराब का सेवन कम करें। बच्चों और पशुओं को कभी भी बंद गाड़ियों में न छोड़ें तथा अनावश्यक शारीरिक श्रम से बचें।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि लू के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें और सावधानी बरतकर इस भीषण गर्मी से खुद को सुरक्षित रखें।



