Sonbhadra News : राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर बच्चों को खिलाई गई एल्बेंडाजोल टेबलेट
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर मंगलवार को जनपद में व्यापक स्तर पर अभियान का शुभारंभ किया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 पंकज कुमार राय ने पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राबर्ट्सगंज में.....

sonbhadra
11:57 PM, February 10, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर मंगलवार को जनपद में व्यापक स्तर पर अभियान का शुभारंभ किया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 पंकज कुमार राय ने पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राबर्ट्सगंज में बच्चों को कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजॉल की गोली खिलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की।
इस दौरान सीएमओ डॉ0 पंकज कुमार राय ने कहा कि "कृमि संक्रमण बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण स्तर, रक्त अल्पता (एनीमिया) तथा बौद्धिक, शारीरिक एवं मानसिक विकास को प्रभावित करता है। पेट में कीड़े होने से बच्चे बार-बार बीमार पड़ते हैं, जिससे उनकी स्कूल में उपस्थिति और पढ़ाई पर भी नकारात्मक असर पड़ता है। ऐसे में सभी बच्चों को नियमित रूप से कृमिनाशक दवा अवश्य लेनी चाहिए।"
उप मुख्य चिकित्साधिकारी एवं नोडल अधिकारी डॉ0 कीर्ति आजाद बिंद ने बताया कि "खुले में शौच, दूषित भोजन, बिना धुले फल-सब्जियों का सेवन तथा बिना हाथ धोए भोजन करने से बच्चों में कृमि संक्रमण फैलता है। संक्रमित बच्चों में जी मिचलाना, उल्टी, पेट दर्द, दस्त, गैस, थकान जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। उन्होंने बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाव के उपाय बताते हुए कहा कि खुले में शौच न करें, नाखून साफ और छोटे रखें, स्वच्छ पानी पिएं, भोजन व पानी को ढककर रखें तथा फल-सब्जियों को अच्छी तरह धोकर ही उपयोग करें। उन्होंने बताया गया कि प्रत्येक वर्ष दो चरणों 10 फरवरी एवं 10 अगस्त को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन किया जाता है। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा ब्लॉक नगवां, चोपन, म्योरपुर, बभनी, दुद्धी, चतरा एवं सोनभद्र शहरी क्षेत्र के समस्त विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत एक से 19 वर्ष आयु वर्ग के कुल 6,83,515 बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजॉल की गोली खिलाई जाएगी। जो बच्चे 10 फरवरी को किसी कारणवश दवा नहीं ले पाएंगे, उनके लिए 13 फरवरी को मॉप-अप दिवस आयोजित किया जाएगा।"
वहीं एमडीए, आईडीए कार्यक्रम के अंतर्गत फाइलेरिया उन्मूलन के लिए ब्लॉक ककराही में विधायक डॉ0 अनिल कुमार मौर्य एवं ब्लॉक घोरावल में एसडीएम द्वारा एल्बेंडाजॉल, डीईसी एवं आईवरमेक्टिन की गोलियां खिलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।



