Sonbhadra News : बिजली विभाग की लापरवाही का शिकार बना बुजुर्ग किसान, लटकते हाइटेंशन तार की चपेट में आने से गंवाई जान
जिले में बिजली विभाग की लापरवाही थमने नाम नहीं ले रही। विभागीय लापरवाही से न सिर्फ लाइनमैन बल्कि आम लोग भी अपनी जान गवां रहे हैं, जबकि अधिकारी एसी कमरों में बैठकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने.....

sonbhadra
12:00 AM, March 7, 2026
आनन्द कुमार चौबे/अखिलेश सिंह (संवाददाता)
सोनभद्र । जिले में बिजली विभाग की लापरवाही थमने नाम नहीं ले रही। विभागीय लापरवाही से न सिर्फ लाइनमैन बल्कि आम लोग भी अपनी जान गवां रहे हैं, जबकि अधिकारी एसी कमरों में बैठकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने में लगे हुए हैं। ताजा मामला पन्नूगंज थाना क्षेत्र के बिशुनपुरवा गांव है जहां शुक्रवार की दोपहर बाद हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक बुजुर्ग किसान की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। उन्होंने जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की।
पन्नूगंज थाना क्षेत्र के बिशुनपुरवा गांव निवासी 76 वर्षीय अमरनाथ ओझा पुत्र गुलाब ओझा अपने नाती के साथ खेत पर गए थे। खेत से लौटते समय रास्ते में करीब चार फीट की ऊंचाई पर लटक रहे हाईटेंशन तार से वह अचानक सट गए, जिससे तेज करंट लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े। घटना को देख साथ में मौजूद नाती ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए और आनन-फानन में उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चतरा ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के मेमो के जरिए घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं ग्रामीणों कौशलेंद्र कुमार, मुन्ना चौहान, राजू ओझा, विजय बहादुर चौहान, सुरेंद्र ओझा, रिंकू ओझा आदि ने बताया कि "घटनास्थल से लगभग 20 मीटर पहले 100 केवीए का ट्रांसफार्मर कुछ माह पूर्व लगाया गया था, जिससे 11 हजार वोल्टेज का तार व एलटी तार ग्रामीणों की आपूर्ति के लिए खींचा गया है। घटनास्थल के पास खेत से मात्र पांच फीट ऊपर तार है। इससे खतरा बराबर बना रहता था। वहीं बगल में कुछ दूरी से गया एलटी तार भी लगभग पांच फीट ऊपर है जो दुर्घटना को दावत दे रहा है। ग्रामीणों ने कई बार लिखित और मौखिक सूचना देकर बिजली विभाग से तार ठीक कराने की मांग की लेकिन कोई असर नहीं हुआ। विषुनपुरवा गांव में ही कूड़ा राजवाहा से निकली विषुनपुरवा माइनर के नहर के किनारे लगा विद्युत सीमेंट पोल भी काफी झुका है, जो बड़े हादसे को दावत दे रहा है।"



