Sonbhadra News : सावधान! पुराने मोबाइल के बदले बर्तन, टब-बाल्टी का लालच पड़ सकता है भारी, साइबर ठग बना रहे ‘कस्टम फोन’
छोटे मोबाइल के बदले छोटा टब, बड़े मोबाइल के बदले बड़ा टब...... अगर आपकी गली में भी ऐसे ही फेरी लगाने वाले आते हैं त तो सावधान हो जाइए। साइबर ठगों ने अब ठगी का ऐसा नया जाल बिछाया है, जिसमें आपका......

एनिमेटेड फोटो.....
sonbhadra
10:38 AM, April 17, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । छोटे मोबाइल के बदले छोटा टब, बड़े मोबाइल के बदले बड़ा टब...... अगर आपकी गली में भी ऐसे ही फेरी लगाने वाले आते हैं त तो सावधान हो जाइए। साइबर ठगों ने अब ठगी का ऐसा नया जाल बिछाया है, जिसमें आपका ही पुराना फोन आपके खिलाफ हथियार बन सकता है। शहर और आसपास के इलाकों में सक्रिय यह गिरोह घर-घर फेरी के जरिए मोबाइल इकट्ठा कर साइबर अपराधों को अंजाम दे रहा है।
जानकारी के मुताबिक, फेरी वाले पुराने या खराब मोबाइल फोन खरीदकर उनके काम के पुर्जे अलग करते हैं और फिर अलग-अलग कंपनियों के पार्ट्स जोड़कर "कस्टमाइज मोबाइल" तैयार करते हैं। ये मोबाइल देखने में सामान्य होते हैं, लेकिन इनके जरिए ओटीपी फ्रॉड, फर्जी कॉलिंग और ब्लैकमेलिंग जैसे गंभीर अपराध किए जा रहे हैं।
ठगों की चालाकी यहीं खत्म नहीं होती। ये लोग इन डिवाइस में वर्चुअल नंबर, फर्जी आईडी और खास एप्स इंस्टॉल कर अपनी पहचान और लोकेशन छिपा लेते हैं। कई मामलों में एक ही मोबाइल में कई सिम कार्ड का इस्तेमाल कर अलग-अलग नंबरों से लोगों को कॉल और मैसेज भेजकर ठगी की जाती है। यहीं वजह है कि ऐसे मामलों में आरोपियों तक पहुंचना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना जाता है।
हाल ही में मिर्जापुर, अलीगढ़ सहित कई अन्य जनपदों में हुई साइबर ठगों की गिरफ्तारी में ऐसे कई संदिग्ध मोबाइल बरामद हुए हैं, जो अलग-अलग कंपनियों के पार्ट्स जोड़कर बनाए गए थे और साइबर अपराध में इस्तेमाल हो रहे थे।
वहीं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने जनपदवासियों से अपील की है कि "थोड़े से लालच में आकर अपने पुराने मोबाइल किसी अनजान व्यक्ति को न दें। यदि बेचना जरूरी हो तो पहले मोबाइल का पूरा डेटा, फोटो, वीडियो और बैंकिंग जानकारी पूरी तरह डिलीट करें, साथ ही फोन को फैक्ट्री रीसेट करना अनिवार्य है। सिम और मेमोरी कार्ड निकालना भी बेहद जरूरी है।"



