Sonbhadra news : प0 देवेंद्र शास्त्री जी की आठवीं पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब, हजारों जरूरतमंदों को बांटे गए कंबल
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पं. देवेंद्र शास्त्री जी की आठवीं पुण्यतिथि के अवसर पर उनके जन्मस्थली ग्राम पंचायत टापू में एक भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

sonbhadra
7:16 PM, February 3, 2026
घनश्याम पांडेय/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन/सोनभद्र। जनपद सोनभद्र के प्रखर नेता, आदिवासी-वनवासी-गिरिवासी समाज की आवाज़ और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पं. देवेंद्र शास्त्री जी की आठवीं पुण्यतिथि के अवसर पर उनके जन्मस्थली ग्राम पंचायत टापू में एक भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों व समर्थकों ने पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की कार्यक्रम की शुरुआत पं. देवेंद्र शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित लोगों ने उनके संघर्षपूर्ण जीवन, जनसेवा और शोषित-वंचित समाज के लिए किए गए कार्यों को याद करते हुए उन्हें नमन किया। श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि पं. देवेंद्र शास्त्री ने अपना पूरा जीवन आदिवासी, वनवासी और गिरिवासी समाज के अधिकारों की लड़ाई लड़ने में समर्पित कर दिया। पुण्यतिथि के अवसर पर सेवा कार्य को प्राथमिकता देते हुए आयोजकों द्वारा हजारों गरीब, असहाय व जरूरतमंद लोगों के बीच कंबलों का वितरण किया गया। कड़ाके की ठंड को देखते हुए किए गए इस मानवीय कार्य की ग्रामीणों ने जमकर सराहना की। कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरे पर राहत और संतोष देखने को मिला कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और वक्ताओं ने कहा कि पं. देवेंद्र शास्त्री न केवल एक जननेता थे, बल्कि वे आम जनता के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहने वाले सच्चे समाजसेवी थे। उन्होंने क्षेत्र के विकास, सामाजिक न्याय और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाया और अंतिम सांस तक जनता के हक की लड़ाई लड़ते रहे।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण पुरुष, महिलाएं, युवा और बुजुर्ग शामिल हुए। पूरे गांव में श्रद्धा और सम्मान का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। पं. देवेंद्र शास्त्री की पुण्यतिथि पर आयोजित यह कार्यक्रम एक बार फिर यह संदेश दे गया कि जनसेवा और संघर्ष की विरासत कभी समाप्त नहीं होती, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहती है।
कार्यक्रम के आयोजक जुगैल जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि संजीव त्रिपाठी ने आये समस्त अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर पूर्व जिला अध्यक्ष रमेश मिश्रा, चांद प्रकाश जैन,पारस तिवारी, पूर्व मंडल अध्यक्ष सुनील सिंह, मंडल अध्यक्ष संजय केशरी,मीनू चौबे, विकास चौबे, कालीचरण खरवार, दशरथ गोंड़,विवेक पाण्डेय, सुनील आदिवासी सहित भारी संख्या में ग्रामीण जनता मौजूद रही।



