Sonbhadra News : सूखती नदियों को मिलेगा नया जीवन, पुनरोद्धार को लेकर प्रशासन ने कसी कमर
जनपद में छोटी एवं सहायक नदियों के संरक्षण और पुनरोद्धार को लेकर प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की अध्यक्षता में एक.....

जनपद में छोटी एवं सहायक नदियों के संरक्षण और पुनरोद्धार को लेकर बैठक करती मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी.....
sonbhadra
11:20 PM, April 7, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जनपद में छोटी एवं सहायक नदियों के संरक्षण और पुनरोद्धार को लेकर प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिले की छोटी और सहायक नदियों की वर्तमान स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान सीडीओ जागृति अवस्थी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी नदियों का समग्र सर्वे कराकर उनका प्राक्कलन तैयार किया जाए, ताकि उनके पुनरोद्धार और कायाकल्प की कार्ययोजना बनाकर प्रभावी ढंग से कार्य कराया जा सके।
उन्होंने कहा कि छोटी नदियां और सहायक जलधाराएं पर्यावरण संरक्षण और जल संचयन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इनके पुनर्जीवन से न केवल जल स्तर में सुधार होगा बल्कि आसपास के क्षेत्रों में खेती और पर्यावरण को भी लाभ मिलेगा।
सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सर्वे कार्य जल्द से जल्द पूरा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें, जिससे पुनरोद्धार एवं कायाकल्प के कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा सके।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।



