Sonbhadra News : न्यूड फोटो वायरल करने वाले अतर्जनपदीय गैंग के चार सदस्य कानपुर से गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के जनपद सोनभद्र की पुलिस ने न्यूड फोटो वायरल करने वाले अतर्जनपदीय गैंग के चार सदस्यों को कानपुर से गिरफ्तार किया l

sonbhadra
5:00 PM, February 3, 2026
दिलीप श्रीवास्तव!/प्रकाश खत्री (संवाददाता)
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश के जनपद सोनभद्र की पुलिस ने न्यूड फोटो वायरल करने वाले अतर्जनपदीय गैंग के चार सदस्यों को कानपुर से गिरफ्तार किया .
अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने मंगलवार को बताया कि थाना म्योरपुर अंतर्गत निवासी एक महिला ने म्योरपुर थाना पुलिस को सूचना दी कि उसके फ़ोन पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा काल करके स्वयं को सी बी आई अधिकारी बताते हुए गाली गलौज की जा रही है तथा धन की माँग की जा रही है l पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी पैसा नहीं देने पर जान से मारने की धमकी एवं सोशल मीडिया पर न्यूड फोटो वायरल करने की धमकी देते हैं l प्राप्त सूचना के आधार पर म्योरपुर थाना पुलिस द्वारा संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया l
ए एस पी ने बताया कि मामला साइबर क्राइम का होने के कारण पुलिस अधीक्षक ने उक्त प्रकरण को साइबर सेल को सौंप दिया l उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम कानपुर भेजी गई जहाँ कानपुर कमिश्नरेट पुलिस के सहयोग से उक्त टीम ने साइबर ठगों सुरेंद्र कुमार पुत्र जयप्रकाश निवासी थाना रावतपुर 23 वर्ष , गोलू राजपूत पुत्र सत्यपाल 24 वर्ष , निवासी थाना कल्याणपुर , मोo जुनैद पुत्र निजामुद्दीन 24 वर्ष , निवासी विकनगंज एवं अनुराग सिंह पुत्र ज्ञानेंद्र सिंह , 26 वर्ष , निवासी थाना पनकी को गिरफ्तार कर लिया l ए एस पी कुमार ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा वैधानिक कार्यवाही पूर्ण कर आरोपियों को कानपुर से सोनभद्र लाया गया l
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने मोबाइल फ़ोन और विभिन्न व्यक्तियों के आधार कार्ड और पैन कार्ड तथा कई बैंकों के खातों से संबंधित दस्तावेज बरामद किए l उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को लालच देकर उनसे आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर उनके नाम पर सिम कार्ड आदि प्राप्त कर लिया जाता था तथा अश्लील वीडियो देखने के नाम पर लोगों को फँसा कर ए आई तकनीक से फर्जी न्यूड फ़ोटो तैयार कर उन्हें धमकी देकर उनसे धन उगाही की जाती थी l ए एस पी ने बताया कि आरोपियों द्वारा अभी तक एक सौ से अधिक सिम कार्डों का प्रयोग कर उनसे देश भर में ठगी को अंजाम दिया जा चुका है l उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा अग्रिम कार्यवाही की जा रही है l



