Sonbhadra News : होली पर स्वास्थ्य विभाग का “फेस्टिवल इमरजेंसी प्लान”, 24 घंटे ड्यूटी पर तैनात रहेंगे चिकित्सक
होली के त्योहार को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। संभावित दुर्घटनाओं, सड़क हादसों, रंगों से एलर्जी और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से निपटने के लिए मेडिकल कॉलेज सहित सभी सरकारी......

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 पंकज कुमार रॉय.....
sonbhadra
5:09 PM, March 2, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । होली के त्योहार को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। संभावित दुर्घटनाओं, सड़क हादसों, रंगों से एलर्जी और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से निपटने के लिए मेडिकल कॉलेज सहित सभी सरकारी चिकित्सालयों को अलर्ट कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने इसे "फेस्टिवल इमरजेंसी प्लान" का रूप देते हुए जिला स्तर से लेकर ब्लॉक स्तर तक संसाधनों की विशेष तैनाती की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 पंकज कुमार रॉय ने सभी डॉक्टरों को अपने अस्पतालों में उपस्थित रहने का निर्देश दिया है इसके साथ ही, मेडिकल कॉलेज में त्वचा और नेत्र विशेषज्ञों की तैनाती की गई है, जबकि जिले के हॉटस्पॉट पर एम्बुलेंस मौजूद रहेंगी।
हॉट स्पॉट पर तैनात रहेंगे एम्बुलेंस, मिलेगी त्वरित सुविधा -
सीएमओ डॉ0 पंकज कुमार रॉय ने बताया कि "विशेषज्ञ सेवाओं को भी मजबूत किया गया है। हड्डी रोग, नेत्र रोग, त्वचा रोग और सर्जरी विभाग के डॉक्टरों की विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो 24 घंटे ड्यूटी पर रहेंगी साथ ही सभी डॉक्टरों को उनके अस्पताल परिसर में ही रहने का निर्देश दिया है। इमरजेंसी वार्ड में अतिरिक्त नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मियों की तैनाती की गई है। संभावित घटनाओं के मद्देनजर, सभी हॉटस्पॉट पर एम्बुलेंस तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त, मेडिकल कॉलेज सहित सभी अस्पतालों में कुछ वार्डों को आरक्षित किया गया है ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनका उपयोग किया जा सके।"
होली के उत्साह में न बरतें लापरवाही, शराब पीकर न चलाएं वाहन -
सीएमओ डॉ0 पंकज कुमार रॉय ने जनता से अपील की है कि "होली के उत्साह में लापरवाही न बरतें। विशेष रूप से शराब पीकर वाहन न चलाने की सख्त सलाह दी गई है। विभाग का मानना है कि थोड़ी सावधानी से अधिकांश दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। विभाग का दावा है कि इस बार तैयारियां पिछले वर्षों की तुलना में अधिक व्यापक हैं ताकि त्योहार की खुशी बरकरार रहे और आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो।"
केमिकल रंग और मिलावटी मिठाइयों से रहें सतर्क -
सीएमओ डॉ0 पंकज कुमार रॉय ने होली पर खास सतर्कता बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि बाजार में बिक रहे कई रंगों में हानिकारक केमिकल मिलाए जाते हैं, जो त्वचा एलर्जी, आंखों में जलन और संक्रमण का कारण बन सकते हैं। संभव हो तो हर्बल या प्राकृतिक रंगों का प्रयोग करें। रंग खेलने से पहले शरीर पर सरसों या नारियल तेल लगा लें, जिससे रंग का दुष्प्रभाव कम होगा। आंखों में रंग जाने पर तुरंत साफ पानी से धोएं और जलन बनी रहे तो डॉक्टर से संपर्क करें। इसके अलावा मिलावटी मिठाइयों से फूड पॉइजनिंग का खतरा रहता है। मिठाई विश्वसनीय दुकानों से ही खरीदें और अत्यधिक तली-भुनी चीजों से परहेज करें। लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल में दिखाएं।



