Sonbhadra News : 10 से 18 हजार हुआ मानदेय, शिक्षामित्रों के सम्मान में सजा कलेक्ट्रेट सभागार, 5 उत्कृष्ट शिक्षामित्र सम्मानित
जनपद मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को शिक्षामित्रों के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया, जिसमें बढ़े हुए मानदेय वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ भी किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार.........

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
9:10 PM, May 5, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जनपद मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को शिक्षामित्रों के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया, जिसमें बढ़े हुए मानदेय वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ भी किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षामित्रों का मानदेय 10 हजार से बढ़ाकर 18 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने पर जिला प्रशासन की ओर से यह कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ ने कहा कि "सरकार लगातार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि शिक्षकों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराया जा रहा है और शिक्षामित्रों का मानदेय बढ़ाना भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने शिक्षामित्रों की भूमिका को सराहते हुए कहा कि समाज के अंतिम पायदान तक शिक्षा पहुंचाने में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।"
सदर विधायक भूपेश चौबे ने शिक्षामित्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक समाज का दर्पण होते हैं और शिक्षामित्र शिक्षा व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं।
वहीं घोरावल विधायक डॉ0 अनिल कुमार मौर्य ने भी मानदेय वृद्धि के फैसले की सराहना की और इसे सरकार का सराहनीय कदम बताया।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि "प्रदेश सरकार द्वारा स्मार्ट क्लास, विद्यालयों के सुंदरीकरण और शिक्षामित्रों के मानदेय में वृद्धि जैसे कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।"
समारोह के दौरान पांच उत्कृष्ट शिक्षामित्रों को सम्मानित करते हुए उन्हें प्रतीकात्मक रूप से बढ़े हुए मानदेय का चेक प्रदान किया गया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों एवं अधिकारियों ने बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा लगाए गए शिक्षण-अधिगम सामग्री के स्टॉल का अवलोकन किया और उनके प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में शिक्षामित्र, शिक्षक एवं विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।




