Sonbhadra News : रनटोला जंगल में भीषण आग, वन्य जीवों पर संकट
रेणुकूट वन प्रभाग के म्योरपुर वन रेंज अंतर्गत रनटोला के जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गयी। गर्मी की शुरुआत के साथ ही जंगल में आग लगने की घटनाएं बढ़ गई हैं...

sonbhadra
9:33 PM, April 12, 2026
एस प्रसाद (संवाददाता)
म्योरपुर (सोनभद्र) । रेणुकूट वन प्रभाग के म्योरपुर वन रेंज अंतर्गत रनटोला के जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गयी। गर्मी की शुरुआत के साथ ही जंगल में आग लगने की घटनाएं बढ़ गई हैं, जिससे वन क्षेत्र को भारी नुकसान हो रहा है। जंगल में पेड़ों से गिरे सूखे पत्तों के कारण आग तेजी से फैल रही है। इसके चलते छोटे पौधे नष्ट हो रहे हैं और वन्य जीवों का जीवन संकट में पड़ गया है। आग की भयावहता से घबराकर वन्य जीव इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं।
आश्रम मोड़–रेणुकूट मार्ग के पास लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया है, जिससे पूरा जंगल धू-धू कर जल रहा है। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम लगातार आग बुझाने में जुटी है, लेकिन अभी तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है।
गौरतलब है कि हर साल गर्मी के मौसम में इस क्षेत्र में जंगलों में आग लगने की समस्या बनी रहती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वन विभाग द्वारा कोई ठोस और स्थायी उपाय नहीं किए जा रहे हैं, जिससे वन संपदा, औषधीय पौधों और वन्य जीवों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जंगल की आग पर जल्द से जल्द नियंत्रण पाया जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।इस संबंध में रेंजर जबर सिंह ने बताया कि वनकर्मियों को मौके पर भेजकर जंगल में लगी आग बुझाने की कोशिश की जा रही है।



