Sonbhadra News : चोपन पुलिस का सघन अभियान ड्रिंक एंड ड्राइव व तेज हॉर्न पर की कार्रवाई
सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चोपन नगर में शनिवार को पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

sonbhadra
12:17 AM, February 22, 2026
घनश्याम पांडे/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन (सोनभद्र) । सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चोपन नगर में शनिवार को पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में यह अभियान चोपन बैरियर पर संचालित किया गया। अभियान के दौरान आने-जाने वाले दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को रोककर चालकों की ‘ब्रेथ एनालाइजर’ से जांच की गई।अचानक चलाए गए इस सघन चेकिंग अभियान से नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति देखी गई। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान कई वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। ऐसे चालकों के विरुद्ध मौके पर ही चालान की कार्रवाई की गई। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले अन्य वाहन चालकों को सख्त चेतावनी दी गई। इसके अतिरिक्त, अनावश्यक रूप से तेज हॉर्न बजाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई तथा भविष्य में ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई। थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश मिश्रा ने कहा कि सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। शराब पीकर वाहन चलाना न केवल चालक के लिए बल्कि अन्य राहगीरों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा अनावश्यक हॉर्न का प्रयोग न करें। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के नियमित अभियान से सड़क हादसों में निश्चित रूप से कमी आएगी।



