Sonbhadra News : सेतु निर्माण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, डीएम ने दिए थर्ड पार्टी जांच के निर्देश
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मंगलवार को पटवध-बसुआरी प्रमुख जिला मार्ग पर घाघर नदी पर निर्माणाधीन सेतु का औचक निरीक्षण कर कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट......

घाघर नदी पर निर्माणाधीन सेतु का औचक निरीक्षण करते जिलाधिकारी चर्चित गोंड......
sonbhadra
6:42 PM, May 5, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मंगलवार को पटवध-बसुआरी प्रमुख जिला मार्ग पर घाघर नदी पर निर्माणाधीन सेतु का औचक निरीक्षण कर कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या घटिया सामग्री का प्रयोग स्वीकार नहीं किया जाएगा।
डीएम चर्चित गोंड ने कार्यदायी संस्था और संबंधित अभियंताओं को निर्देशित करते हुए कहा कि सेतु निर्माण पूरी तरह मानकों के अनुरूप और निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी से अनिवार्य जांच कराने के निर्देश दिए, ताकि कार्य में पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनी रहे।
जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की कमी या अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह सेतु निर्माण कार्य जनहित से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है, ऐसे में इसमें किसी प्रकार की ढिलाई या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर कार्य की प्रगति की समीक्षा करने और तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) रोहित यादव, अधिशासी अभियंता जल निगम, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संतपाल वर्मा, अपर जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी जय सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




