Sonbhadra News : "अब गांवों की तस्वीर बदलना लक्ष्य”- अभिलाषा शर्मा
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPCS) के हालिया परिणाम में सोनभद्र जिले के ओबरा नगर की अभिलाषा शर्मा ने 14वीं रैंक हासिल कर खंड विकास अधिकारी (BDO) पद पर चयन पाया है।

sonbhadra
8:46 PM, April 2, 2026
घनश्याम पांडेय (संवाददाता)
ओबरा (सोनभद्र) । उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPCS) के हालिया परिणाम में सोनभद्र जिले के ओबरा नगर की अभिलाषा शर्मा ने 14वीं रैंक हासिल कर खंड विकास अधिकारी (BDO) पद पर चयन पाया है। उनकी सफलता न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है ।
अभिलाषा एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता अवधेश शर्मा ओबरा हाइडिल विभाग में बड़े बाबू के पद पर कार्यरत हैं, जबकि माता शशि शर्मा गृहिणी हैं। चार भाई-बहनों में वह इकलौती बहन हैं।
उन्होंने बताया कि यह सफलता उन्हें तीसरे प्रयास में मिली। शुरुआती पढ़ाई के बाद उन्होंने पॉलिटेक्निक (इलेक्ट्रिकल ट्रेड) से तकनीकी शिक्षा हासिल की। इसी दौरान एक प्रेरणादायक घटना ने उनके जीवन की दिशा बदल दी।
अभिलाषा ने बताया कि कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने जब पूछा कि लड़कियां प्रशासनिक सेवाओं में आगे क्यों नहीं आ रहीं, तो वही बात मेरे दिल में बैठ गई। और इसके बाद उन्होंने प्रयागराज में रहकर सिविल सेवा की तैयारी शुरू की। लगातार दो बार असफल होने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और तीसरे प्रयास में सफलता हासिल कर ली।
तैयारी के दौरान उन्हें सामाजिक और पारिवारिक चुनौतियों का भी सामना करना पड़ा। विवाह के दबाव के बीच उन्होंने अपनी प्राथमिकता पढ़ाई को बताया, जिस पर परिवार ने भी उनका पूरा साथ दिया।
रिजल्ट के दिन का अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि सबसे पहले उनके पिता ने परिणाम देखा। “जब रात में फोन देखा और बधाई संदेश मिले, तब यकीन हुआ कि मैंने सफलता हासिल कर ली है,” उन्होंने कहा।
अभिलाषा का सपना प्रशासनिक सेवा में जाकर जिला कलेक्टर बनने का है। फिलहाल BDO के रूप में चयन को वह एक बड़ा अवसर मानती हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं का सही क्रियान्वयन सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही वह महिलाओं की शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए विशेष रूप से काम करना चाहती हैं।
अभिलाषा शर्मा की सफलता आज के युवाओं, खासकर लड़कियों के लिए एक मजबूत प्रेरणा बनकर उभरी है।



