Sonbhadra News : राहुल गांधी के चित्र पर अभद्रता से गरमाई सियासत, कांग्रेस ने कोतवाली पहुंच दी तहरीर
जिले में जैसे-जैसे अधिकतम तापमान चढ़ता जा रहा है, वैसे-वैसे सियासी पारा भी उफान पर पहुंचता दिख रहा है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भाजपा महिला मोर्चा के विरोध प्रदर्शन में राहुल गांधी के चित्र....

sonbhadra
10:38 PM, April 19, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• कांग्रेस की स्पष्ट चेतावनी, यदि दोषियों पर नहीं हुई कार्यवाही तो निकलेंगे शवयात्रा
सोनभद्र । जिले में जैसे-जैसे अधिकतम तापमान चढ़ता जा रहा है, वैसे-वैसे सियासी पारा भी उफान पर पहुंचता दिख रहा है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भाजपा महिला मोर्चा के विरोध प्रदर्शन में राहुल गांधी के चित्र पर चप्पल चलाने और कालिख पोतने की घटना ने राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है। इस प्रकरण पर कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाते हुए रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पहुंचकर तहरीर सौंप दी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
नगर के स्वर्ण जयंती चौक पर शनिवार को भाजपा महिला मोर्चा के विरोध प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के चित्र के साथ कथित अभद्रता का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। राहुल गांधी के चित्र पर चप्पलों से प्रहार और कालिख पोतने की घटना के बाद जिले की सियासत गरमा गई है और इसे लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। घटना के विरोध में रविवार को कांग्रेस के कार्यकर्ता बड़ी संख्य में रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पहुंचे। उन्होंने लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। तहरीर महिला कांग्रेस की अध्यक्षा ऊषा चौबे के लेटरहेड पर दी गई, जिसमें पूरे प्रकरण को लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया गया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष रामराज गोंड ने घटना की निंदा करते हुए इसे राजनीतिक मर्यादा पर सीधा हमला करार दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह की ओछी राजनीति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो 22 अप्रैल को कांग्रेस पूरे जिले में भाजपा सरकार के खिलाफ शवयात्रा निकालकर विरोध दर्ज कराएगी।
वहीं, जिला उपाध्यक्ष संगीता श्रीवास्तव ने भाजपा महिला मोर्चा पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं के नाम पर राजनीति करने वाला संगठन इस तरह की अमर्यादित हरकत कर समाज में गलत संदेश दे रहा है। उन्होंने प्रदर्शन में मेडिकल कॉलेज की छात्राओं के शामिल होने पर भी चिंता जताई और निष्पक्ष जांच की मांग की।
इस दौरान शहर अध्यक्ष हाजी फरीद अहमद, पिछड़ा प्रकोष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सेतराम केशरी, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशांक मिश्रा, शांति विश्वकर्मा, बृजेश तिवारी, आरटीआई जिलाध्यक्ष श्रीकांत मिश्रा, रामेश्वर यादव, दयाशंकर पांडेय, शारद पनिका, ज्यूत मौर्या, जितेंद्र पासवान, बेबी सिंह, ऊषा सिंह, आशीष सिंह, पंकज मिश्रा, बाबूलाल पनिका, जितेंद्र देव, कन्हैया पाण्डेय, नूरुद्दीन खान, मृदुल मिश्रा, राहुल सिंह, सेराज हुसैन, राजरूप शुक्ला, शेखर शरण सिंह, अमरेश देव पाण्डेय, सुनील मिश्रा, अर्जुन खरवार, लल्लू राम पांडेय, पूनम पठारी, रोजनी, विशिष्ट कुमार चौबे, दिनेश यादव, रोहित जायसवाल, पिंटू चौबे, रोहित मिश्रा, दिनेश पासवान, सेराज अहमद, सूरज कुमार चंद्रवंशी, शीतला पटेल, रियाज खान, संजय तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे।



