Sonbhadra News : कोडीन युक्त कफ सिरप तस्करी के आरोपित की लगभग 28.50 करोड़ की चल-अचल सम्पत्ति को कुर्क करने की कार्यवाही शुरू
उत्तर प्रदेश के जनपद सोनभद्र की पुलिस ने अदालत के आदेश पर कोडीन युक्त कफ सिरप तस्करी के प्रकरण में आरोपित भोला प्रसाद की लगभग 28.50 करोड़ की चल-अचल सम्पत्ति को कुर्क करने की कार्यवाही शुरू कर दी है।

sonbhadra
1:19 PM, January 23, 2026
शान्तनु कुमार
उत्तर प्रदेश के जनपद सोनभद्र की पुलिस ने अदालत के आदेश पर कोडीन युक्त कफ सिरप तस्करी के प्रकरण में आरोपित भोला प्रसाद की लगभग 28.50 करोड़ की चल-अचल सम्पत्ति को कुर्क करने की कार्यवाही शुरू कर दी है । उक्त जानकारी एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को दी l
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि कोडीन युक्त कफ सिरप के तस्करी प्रकरण में एस आई टी जांच के दौरान यह तथ्य सामने आए कि मुख्य अभियुक्त भोला प्रसाद पुत्र रामदयाल, निवासी कमिश्नरेट वाराणसी द्वारा कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध तस्करी के लिए संगठित सिंडिकेट का संचालन करते हुए 28.50 करोड़ की चल अचल सम्पत्ति अर्जित की गई थी । एस पी ने बताया कि प्राप्त जानकारी के आधार पर उक्त संपत्तियों को चिह्नित करते हुए धारा 107 बी एन एस एस के अंतर्गत कुर्की हेतु न्यायालय में रिपोर्ट भेजी गई थी । उन्होंने बताया कि न्यायालय द्वारा पर्याप्त साक्ष्यों को दृष्टिगत रखते हुए बृहस्पतिवार को कुर्की का आदेश जारी कर दिया गया l एस पी ने बताया कि न्यायालय से मिले आदेश के अनुसार क्षेत्राधिकारी रणधीर कुमार मिश्रा के नेतृत्व में टीम वाराणसी के लिए रवाना हो गई तथा शुक्रवार को कुर्की की कार्यवाही प्रारम्भ कर दी गई l
वर्मा ने बताया कि कुर्क की जाने वाली संपत्तियों में इंडियन बैंक के संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी शाखा में रूo 11393276/ की दो सावधि जमा रसीदें कुर्क की गईं तथा दो अन्य खाते जिनमें रूo 689607/ बैलेंस है का डेबिट फ्रीज ( संचालन पर रोक ) कर दिया गया है l इसी क्रम में एक मर्सिडीज बेंज कार जिसकी वर्तमान अनुमानित कीमत रूo 12215000/ एवं वाराणसी स्थित दो मकान जिसकी स्वामिनी भोला प्रसाद की पत्नी शारदा जायसवाल हैं तथा दोनों संपत्तियां फ़रवरी 2023 में रुo 30300000/ में क्रय की गई थीं। इनके अतिरिक्त वाराणसी के ही भेलूपुर स्थित एक अन्य भवन जो जुलाई 2025 में रूo 230000000/ में भोला प्रसाद की पत्नी के नाम से क्रय किया गया था शामिल है ।
ज्ञातव्य है कि कोडीन युक्त कफ़ सिरप के अवैध व्यापार के मुख्य अभियुक्त भोला प्रसाद को पूर्व में सोनभद्र पुलिस ने कोलकत्ता पुलिस की मदद से दमदम एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था जब वह विदेश भागने की फिराक में था ।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिलाधिकारी वाराणसी के निर्देशानुसार उपजिलाधिकारी पिंडरा, वाराणसी एवं क्षेत्राधिकारी नगर , सोनभद्र के नेतृत्व में उक्त कार्यवाही शुक्रवार को की जा रही है । उन्होंने कहा कि अवैध कफ़ सिरप व्यापारियों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर कार्यवाही जारी रहेगी l



