Sonbhadra News : 'भूजल प्रबंधन’ पर जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन
केन्द्रीय भूमि जल बोर्ड,उत्तरी क्षेत्र, लखनऊ के तत्वाधान में जनपद सोनभद्र के चोपन विकास खंड के सभागार में स्थानीय भूजल प्रबंधन विषय पर एक महत्वपूर्ण जन संवाद कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।

sonbhadra
6:49 PM, February 6, 2026
घनश्याम पांडे/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन (सोनभद्र) । केन्द्रीय भूमि जल बोर्ड,उत्तरी क्षेत्र, लखनऊ के तत्वाधान में जनपद सोनभद्र के चोपन विकास खंड के सभागार में स्थानीय भूजल प्रबंधन विषय पर एक महत्वपूर्ण जन संवाद कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर भूजल संरक्षण,प्रभावी प्रबंधन तथा जनभागीदारी को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम में रवींद्र वीर,उपायुक्त श्रम एवं रोजगार, अजीत यादव, खंड विकास अधिकारी, चोपन तथा काशीराम ठाकुर सहायक विकास अधिकारी पंचायत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि भूजल संरक्षण तभी संभव है जब समाज का हर वर्ग इसमें सक्रिय भूमिका निभाए।कार्यक्रम में मनरेगा के तकनीकी सहायक, ग्राम रोजगार सहायक, ग्राम प्रधान/सरपंच, पंचायती राज विभाग, डीआरडीए सहित विभिन्न विभागों के कार्मिकों ने सहभागिता की। इस जन संवाद में 125 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें 20 से अधिक महिलाएं शामिल थीं, जो बढ़ती जनचेतना को दर्शाता है। कार्यक्रम के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सामने आ रही भूजल से जुड़ी समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई। केन्द्रीय भूमि जल बोर्ड के वैज्ञानिकों ने वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समाधान एवं तकनीकी सुझाव प्रस्तुत किए। जगदंबा प्रसाद वैज्ञानिक-डी एवं अवधेश कुमार सहायक भूजल वैज्ञानिक ने प्रतिभागियों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए भूजल प्रबंधन के वैज्ञानिक पहलुओं को सरल भाषा में समझाया। मुकेश आनंद वैज्ञानिक-सी ने वर्ष 2024-25 के दौरान जनपद सोनभद्र के दुद्धी, बभनी एवं म्योरपुर विकास खंडों में संपन्न राष्ट्रीय जलभृत मानचित्रण अध्ययन के निष्कर्षों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने बताया कि यह अध्ययन भविष्य की जल प्रबंधन योजनाओं के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। इस जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन संदीप कुमार स्वरूप क्षेत्रीय निदेशक प्रभारी एवं डॉ. रंजीत कुमार प्रसाद वैज्ञानिक-डी, केन्द्रीय भूमि जल बोर्ड, उत्तरी क्षेत्र, लखनऊ के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



