Sonbhadra News : रामगढ़ हत्याकांड का खुलासा, 24 घण्टे के भीतर किशोर का हत्यारा गिरफ्तार
शनिवार रात पन्नूगंज थाना क्षेत्र के रामगढ़ बाजार में एक 12 वर्षीय बालक की हत्या के मामले में एसओजी व थाना पन्नूगंज पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।

sonbhadra
3:53 PM, March 15, 2026
आनंद चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । शनिवार रात पन्नूगंज थाना क्षेत्र के रामगढ़ बाजार में एक 12 वर्षीय बालक की हत्या के मामले में एसओजी व थाना पन्नूगंज पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही पुलिस ने उसके कब्जे से एक आलाकत्ल चाकू बरामद कर लिया।
पूछताछ के दौरान वादी शिव मूरत गुप्ता पुत्र तपेश्वरी, निवासी कस्बा रामगढ़, थाना पन्नूगंज द्वारा बताया गया कि उसका नाती आर्यन गुप्ता पुत्र राजू गुप्ता उम्र करीब 12 वर्ष व राज चौहान पुत्र विनोद चौहान खेलकर घर वापस आ रहे थे। इसी दौरान रास्ते में घात लगाकर सुनियोजित रुप से दिवाकर गुप्ता पुत्र गुलाब गुप्ता, निवासी कसारी पोस्ट रामगढ़ थाना पन्नूगंज, उम्र करीब 20 वर्ष छिपकर बैठा था, जिसे बच्चे नहीं देख पाएं, बच्चे आगे जाने लगे तो पीछे से आकर दोनों बच्चों को अंधेरे में पकड़कर ले गया और उसके नाती आर्यन गुप्ता की धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दिया। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना पन्नूगंज पर मु0अ0सं0-48/2026 धारा 61(2), 103(1) बीएनएस का अभियोग पंजीकृत किया गया तथा अभियुक्तगण की गिरफ्तारी हेतु पुलिस व एसओजी की कुल चार टीमों का गठन किया गया। जिसके बाद आज 13.05 बजे पकरहट नहर पुलिया राकी गांव के पास से आलाकत्ल चाकू के साथ अभियुक्त दिवाकर गुप्ता (20) पुत्र गुलाब गुप्ता, निवासी कसारी थाना पन्नूगंज को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ करने पर उसके द्वारा बताया गया कि उसका एवं वादी पक्ष के बीच मकान के बंटवारे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। अभियुक्त के अनुसार मृतक की माता द्वारा जादू-टोना किये जाने की आशंका के कारण भी उनके परिवार में तनाव की स्थिति बनी रहती थी। साथ ही लगभग 15 वर्ष पूर्व अभियुक्त के भाई की जलकर मृत्यु हो जाने की घटना को लेकर भी उसके मन में यह शंका बनी हुई थी कि उक्त घटना में वादी पक्ष का हाथ हो सकता है। इन्हीं बातों से क्षुब्ध होकर अभियुक्त द्वारा उक्त घटना को अंजाम देना बताया गया है।



