Sonbhadra News : सोन कप क्रिकेट टूर्नामेंट का हुआ रंगारंग आगाज, सद्भावना मैच में एमएलसी एकादश ने डॉक्टर्स एकादश को दी पटखनी
नगर के प्रसिद्ध हाईडिल मैदान पर आयोजित सोन कप अंतर्राज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट के 12वें संस्करण का आज मुख्य अतिथि एमएलसी श्याम नारायण उर्फ विनीत सिंह और विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्षा रूबी.....

sonbhadra
7:48 PM, February 8, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । नगर के प्रसिद्ध हाईडिल मैदान पर आयोजित सोन कप अंतर्राज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट के 12वें संस्करण का आज मुख्य अतिथि एमएलसी श्याम नारायण उर्फ विनीत सिंह और विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्षा रूबी प्रसाद व बाल रोग विशेषज्ञ डॉ0 एच0पी0सिंह ने फीता काटकर और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर शुभारंभ किया। इससे पूर्व एमएलसी श्याम नारायण उर्फ विनीत सिंह का सोन कप आयोजक मंडल के सदस्यों ने बुके भेंट कर और माल्यार्पण कर स्वागत किया। उद्घाटन के अवसर पर मैदान खिलाड़ियों और दर्शकों से खचाखच भरा रहा। मैच से पूर्व राष्ट्रगान का आयोजन किया गया, वहीं आतिशबाजी ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
आज एमएलसी एकादश और डॉक्टर्स एकादश के बीच सद्भावना मैच के साथ सोन कप का आगाज हुआ। इस दौरान टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करती हुई एमएलसी एकादश की टीम ने आलोक शर्मा के आतिशी शतक (45 गेंदो में 105 रन) की बदौलत निर्धारित 15 ओवरों में 192 रनों का स्कोर खड़ा किया। वहीं 193 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डॉक्टर्स एकादश की टीम एमएलसी एकादश के कप्तान एमएलसी श्याम नारायण उर्फ विनीत सिंह (3 विकेट) और आलोक शर्मा (2 विकेट) की घातक गेंदबाजी घातक के आगे निर्धारित 15 ओवरों में मात्र 115 रन ही बना सकी। इस प्रकार एमएलसी एकादश ने 77 रनों से जीत कर सद्भावना ट्रॉफी अपने नाम की।
इस दौरान एमएलसी श्याम नारायण उर्फ विनीत सिंह ने बताया कि "खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं, जो अनुशासन, नेतृत्व और आत्मविश्वास का निर्माण करते हैं। सोन कप जैसे आयोजन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने युवाओं से नशा और मोबाइल से दूरी बनाने तथा खेल से जुड़ने का आह्वाहन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को आश्वस्त किया कि खेल मैदान के अभाव में ग्रामीण स्तर पर खेल प्रतिभाएं अब दम नहीं तोड़ पाएंगी। उनको निखारने के लिए प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने सोनभद्र दौरे पर हर ग्राम पंचायत में एक स्टेडियम की घोषणा की थी जो अब मूर्त रूप भी लेने लगा है।"
वहीं नगर पालिका अध्यक्षा रूबी प्रसाद ने बताया कि "खेल न केवल शरीर को मजबूत बनाते हैं, बल्कि मानसिक तनाव को भी कम करते हैं। खेल हमें अनुशासन, टीम वर्क एवं संघर्ष की सीख देते हैं। हार से निराश नहीं होना चाहिए एवं जीत पर अहंकार नहीं करना चाहिये।"
इस दौरान डॉ0 एच0पी0 सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रेणुकूट अनिल सिंह, वरिष्ठ समाजसेवी मधुसूदन सिंह, संदीप सिंह चंदेल, राजेश कुमार गुप्ता, राजेश यादव, संतोष सिंह, अंबुज सिंह, अभिषेक चौबे, विराट पाठक, ओम प्रकाश सिंह, अमित पाठक, रोहित सिंह, करण सिंह, पंकज ओझा, अंशु चौबे, प्रदीप चौबे, श्रीराम सिंह, मनीष सोनकर, निखिल सिंह इत्यादि लोग मौजूद रहे।



