Sonbhadra News : कलेक्ट्रेट में सजा टीएलएम मेला, शिक्षिकाओं ने नवाचार से सिखाने के तरीके किए प्रस्तुत
कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार को टीचिंग लर्निंग मैटेरियल (टीएलएम) मेले का आयोजन किया गया, जिसमें परिषदीय विद्यालयों की शिक्षिकाओं ने बच्चों को रोचक व प्रभावी तरीके से पढ़ाने के लिए तैयार किए गए........

sonbhadra
3:33 PM, May 5, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार को टीचिंग लर्निंग मैटेरियल (टीएलएम) मेले का आयोजन किया गया, जिसमें परिषदीय विद्यालयों की शिक्षिकाओं ने बच्चों को रोचक व प्रभावी तरीके से पढ़ाने के लिए तैयार किए गए नवाचारी प्रोजेक्ट्स का प्रदर्शन किया। मेले में लगे स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने रहे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनन्द पाण्डेय ने बताया कि "टीएलएम के माध्यम से बच्चों को आसान और व्यावहारिक तरीके से शिक्षित किया जा सकता है। मेले में कैलेंडर, हिंदी एवं अंग्रेजी वर्णमाला, गिनती, जोड़-घटाव, रंग पहचान, पेंटिंग सहित विभिन्न विषयों से जुड़े मॉडल प्रस्तुत किए गए। उन्होंने कहा कि घर में उपलब्ध वेस्ट मैटेरियल से तैयार किए गए ये शिक्षण उपकरण बच्चों के लिए बेहद उपयोगी हैं और इनके माध्यम से बच्चे खेल-खेल में सीख सकते हैं।"
मेले में मौजूद शिक्षिकाओं वीणा श्रीवास्तव, प्रतीक्षा और पूजा द्विवेदी ने बताया कि टीएलएम के जरिए बच्चों को पढ़ाना अधिक सरल और रोचक हो जाता है। उन्होंने कहा कि चित्र, आकृतियों और रंगों के माध्यम से बच्चे जल्दी समझते हैं और उनकी रुचि पढ़ाई में बढ़ती है। शिक्षिकाओं ने बताया कि वेस्ट मैटेरियल से तैयार किए गए मॉडल न केवल किफायती हैं, बल्कि बच्चों की रचनात्मकता को भी बढ़ावा देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्कूलों से आई शिक्षिकाओं ने अपने-अपने स्टॉल के माध्यम से नवाचार का परिचय दिया। मेले का उद्देश्य शिक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, रोचक और छात्र-केंद्रित बनाना रहा।




