Sonbhadra News : बीजपुर मार्ग पर दर्दनाक हादसा, बाइक अनियंत्रित होकर खंभे से टकराई, मां-बेटी की मौत
एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित बाइक बिजली के खंभे से टकराकर ब्रेकर पर गिर गई, जिससे बाइक पर सवार मां और बेटी की मौके पर ही मौत हो गई।

sonbhadra
9:27 PM, May 4, 2026
विजय कुमार पटेल (संवाददाता)
बीजपुर (सोनभद्र) । बीजपुर मार्ग पर सोमवार शाम बखरिहवां ब्रेकर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित बाइक बिजली के खंभे से टकराकर ब्रेकर पर गिर गई, जिससे बाइक पर सवार मां और बेटी की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान रामपति (70) पत्नी लालमन और उनकी बेटी बसंती (45) पत्नी रामप्यारे, निवासी बजडा थाना बसंतपुर, छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है। दोनों बखरिहवां में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद बाइक से वापस अपने घर लौट रही थीं।
मृतका बसंती के बेटे देवबरन के अनुसार, वह अपनी मां और नानी के साथ शादी में शामिल होने आया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद तीनों लोग एक ही बाइक से वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे बखरिहवां ब्रेकर के पास पहुंचे, पीछे बैठी मां और नानी का संतुलन बिगड़ गया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई और दोनों सड़क पर गिर गईं।
घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पीआरबी 112 और 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और एम्बुलेंस की मदद से दोनों को बभनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी बभनी डी पी यादव ने बताया कि मामला बीजपुर थाना क्षेत्र का था अतः घटना की सूचना संबंधित थाने को भेज दी गई है तथा अग्रिम कार्यवाही की जा रही है l




