Sonbhadra News : गुप्तकाशी में रंगभरी एकादशी का अनुपम उल्लास, भक्तों ने भोले संग खेली होली
रॉबर्ट्सगंज नगर स्थित वीरेश्वर महादेव मंदिर और घोरावल स्थित शिवद्वार मंदिर में शुक्रवार को रंगभरी एकादशी पर श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ उमड़ी....

sonbhadra
11:33 PM, February 27, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । रॉबर्ट्सगंज नगर स्थित वीरेश्वर महादेव मंदिर और घोरावल स्थित शिवद्वार मंदिर में शुक्रवार को रंगभरी एकादशी पर श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान शिव का पूजन-अर्चन किया। परंपरा के अनुसार महादेव को अबीर-गुलाल अर्पित कर रंगों से श्रृंगार किया गया। इसके बाद भक्तों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। भक्तों की टोली ने मंगल गीत गाए।
रंगभरी एकादशी से ही होली उत्सव की शुरुआत मानी जाती है। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए यहां भी श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मंदिर परिसर में अबीर-गुलाल उड़ाते हुए महादेव के साथ होली खेली। इस दौरान फाग गीतों के सुर पर श्रद्धालु थिरके।
इस दौरान सुषमा शर्मा, रविंद्र शर्मा, दिनेश अग्रहरि, रमाशंकर शुक्ला, शिवा पांडेय, सतीश पांडेय, नीलम मिश्रा, अर्चना, पूजा तिवारी, रजनी कुमारी सहित अन्य भक्त मौजूद रहे।



