Sonbhadra News : फांसी लगाकर युवक ने किया आत्महत्या
थाना क्षेत्र के काचन गांव में शुक्रवार की भोर एक युवक का शव आम के पेड़ पर रस्सी के सहारे लटकता मिलने से सनसनी फैल गई।

sonbhadra
7:01 PM, March 6, 2026
एस प्रसाद (संवाददाता)
म्योरपुर (सोनभद्र) । स्थानीय थाना क्षेत्र के काचन गांव में शुक्रवार की भोर एक युवक का शव आम के पेड़ पर रस्सी के सहारे लटकता मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 20 वर्षीय प्रदीप कुमार पुत्र सत्यदेव पनिका निवासी काचन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार की रात प्रदीप गांव में ही अपने चाचा की बेटी के छेका कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौटा था। इसके बाद उसने बकरी बांधने वाली रस्सी लेकर घर से बाहर निकलकर आम के पेड़ पर फांसी लगा ली। हालांकि वह कब घर से निकला और उसने यह कदम कब उठाया, इसकी जानकारी परिजनों को नहीं हो सकी।
शुक्रवार की भोर में गांव की ही आफसा खातून सेहरी करने के बाद शौच के लिए बाहर निकली थीं। तभी उनकी नजर आम के पेड़ पर रस्सी के सहारे लटके युवक पर पड़ी। उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते भीड़ जुट गई। थाना प्रभारी राम दरस राम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक पूछताछ के बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया।
परिजनों के मुताबिक मृतक चुनार में एक क्रशर प्लांट में काम करता था। बड़े भाई की मौत के बाद वह घर आया था और तभी से गांव में ही रह रहा था। बताया गया कि वह अपने माता-पिता की तीन संतानों में दूसरे नंबर पर था।
परिजनों ने बताया कि मृतक के बड़े भाई की बीते 5 फरवरी को देवरी गांव के पास सड़क हादसे में मौत हो गई थी। एक महीने के भीतर परिवार में हुई दो मौतों से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरा परिवार गहरे सदमे में है।



