Sonbhadra Update News : खलिहान में युवक का शव मिलने से हड़कंप, हत्या की आशंका
घोरावल कोतवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव गांव के खलिहान में संदिग्ध हालत में मिला। मृतक की पहचान 43 वर्षीय राम नरेश वैश्य, निवासी वर कन्हरा के रूप में हुई है।

sonbhadra
6:20 PM, April 8, 2026
राजकुमार गुप्ता (संवाददाता)
घोरावल (सोनभद्र)। घोरावल कोतवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव गांव के खलिहान में संदिग्ध हालत में मिला। मृतक की पहचान 43 वर्षीय राम नरेश वैश्य, निवासी वर कन्हरा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, राम नरेश मंगलवार रात से लापता था। परिजनों ने बताया कि उसे आखिरी बार रात करीब 8 बजे हिरनखुड़ी पानी टंकी के पास देखा गया था, जिसके बाद वह घर नहीं लौटा। बुधवार सुबह गांव कुंडा में बाउली के पास एक किसान के खलिहान में लकड़ी बीनने पहुंचे व्यक्ति की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद पूरे इलाके में खबर फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी इंचार्ज शिवद्वार के साथ इंस्पेक्टर बृजेश सिंह और क्षेत्राधिकारी राहुल पांडेय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। थोड़ी ही देर में फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया।
प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और ससुराल पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
क्षेत्राधिकारी राहुल पांडेय ने बताया कि मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। जिन लोगों पर संदेह जताया गया है, उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



