UP News : अम्बेडकरनगर में दर्दनाक सड़क हादसा, बेकाबू कार ने 8 लोगों को रौंदा, मौत
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जलालपुर भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया।

ambedkar nagar
9:58 AM, May 4, 2026
अम्बेडकरनगर जनपद में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर दिया। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के अकबरपुर मार्ग पर अशरफपुर भुआ गांव के पास बीती रात दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें बाइक सवार लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद में जुट गए और उन्हें अस्पताल पहुंचाने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार वहां आ पहुंची और मौके पर मौजूद कई लोगों को कुचलते हुए निकल गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जलालपुर भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।




