मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने राज्यसभा सदस्य के रूप में ली शपथ
बिहार की राजनीति में आज का दिन एक अहम मोड़ लेकर आया, जब मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की। उन्हें उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्ण ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

delhi
12:50 PM, April 10, 2026
बिहार की राजनीति में आज का दिन एक अहम मोड़ लेकर आया, जब मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की। उन्हें उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्ण ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ लेने के बाद नीतीश कुमार के आज ही दिल्ली से पटना लौटने की संभावना है। उनके वापस आते ही बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। हालांकि, उनके राज्यसभा जाने के फैसले के बाद अब राज्य में नए मुख्यमंत्री को लेकर सियासी अटकलें और भी तेज हो गई हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन ने प्रचंड बहुमत हासिल किया था। 243 सीटों वाली विधानसभा में गठबंधन ने 202 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जिसमें बीजेपी को 89 और जेडीयू को 85 सीटें मिली थीं। नीतीश कुमार ने इस जीत के बाद रिकॉर्ड 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
करीब एक महीने पहले ही नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने का फैसला लिया था, जिसके बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई थी। विपक्षी दलों, खासकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने इस फैसले पर सवाल उठाए थे, वहीं उनकी अपनी पार्टी जेडीयू के भीतर भी विरोध के स्वर सुनाई दिए थे। कुछ नेताओं ने तो विरोध में धरना भी दिया था।
बाद में नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया के जरिए अपने फैसले को व्यक्तिगत इच्छा बताया था। अब उनके राज्यसभा पहुंचने के बाद बिहार में नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर सस्पेंस बरकरार है और राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।



