Sonbhadra News : सेवानिवृत्त शिक्षकों की मासिक बैठक में गूंजे पेंशन और लाभ के मुद्दे
उत्तर प्रदेशीय सेवा निवृत्त प्राथमिक शिक्षक कल्याण परिषद की मासिक बैठक बुधवार को राबर्ट्सगंज स्थित श्रीरामजानकी मंदिर परिसर में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता बैजनाथ देव पाण्डेय जबकि संचालन.......

sonbhadra
5:29 PM, April 22, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । उत्तर प्रदेशीय सेवा निवृत्त प्राथमिक शिक्षक कल्याण परिषद की मासिक बैठक बुधवार को राबर्ट्सगंज स्थित श्रीरामजानकी मंदिर परिसर में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता बैजनाथ देव पाण्डेय जबकि संचालन महामंत्री दीपनारायण ने किया।
बैठक में 25 मार्च 2026 को अखिल भारतीय संयुक्त पेंशनर्स समिति के आह्वान पर बड़ी संख्या में मनाए गए ‘काला दिवस’ कार्यक्रम की सफलता पर अध्यक्ष ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान पेंशनर्स से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान रामनाथ सिंह ने नोशनल इंक्रीमेंट से वंचित रह गए कुछ शिक्षकों का मुद्दा उठाया गया। इस पर अध्यक्ष ने बताया कि लेखाधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी एवं अपर निदेशक कार्यालय से समन्वय स्थापित कर जल्द भुगतान सुनिश्चित कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि प्रदेश संगठन पेंशन कटौती की अवधि कम कराने तथा 65, 70 एवं 75 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर क्रमशः 5, 10 एवं 15 प्रतिशत अतिरिक्त लाभ दिलाने के लिए प्रयासरत है।
सभा को संबोधित करते हुए लल्लन सिंह, द्वारिका प्रसाद, श्रीकांत मिश्र और राजाराम ने संगठन की मजबूती पर जोर दिया और सभी सदस्यों से एकजुट होकर अपनी मांगों को उठाने का आह्वान किया।
बैठक में प्रदीप शुक्ल, रमाकांत शुक्ल, सूर्यकांत सिंह, ब्रजराज देव, भानुप्रताप शुक्ल सहित बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त शिक्षक उपस्थित रहे। अंत में अध्यक्ष ने भीषण गर्मी के बावजूद बैठक में शामिल होने के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए सभा समाप्ति की घोषणा की।



