Sonbhadra News : “ऑपरेशन सिंदूर” की प्रथम वर्षगांठ पर इनरव्हील क्लब ओबरा की अनूठी पहल
“ऑपरेशन सिंदूर” की प्रथम वर्षगांठ के अवसर पर इनरव्हील क्लब ओबरा द्वारा एक अनूठी एवं भावनात्मक पहल करते हुए भारत के पीएम तथा CDS को हस्तलिखित धन्यवाद एवं सम्मान पत्र प्रेषित किया।

sonbhadra
1:47 PM, May 8, 2026
घनश्याम पांडेय (संवाददाता)
० प्रधानमंत्री एवं CDS को भेजे हस्तलिखित सम्मान एवं धन्यवाद पत्र
ओबरा (सोनभद्र) । “ऑपरेशन सिंदूर” की प्रथम वर्षगांठ के अवसर पर इनरव्हील क्लब ओबरा द्वारा एक अनूठी एवं भावनात्मक पहल करते हुए भारत के प्रधानमंत्री तथा चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) को हस्तलिखित धन्यवाद एवं सम्मान पत्र प्रेषित किए गए।
क्लब की अध्यक्षा जस्कीर्ति तनेजा ने बताया कि यह पहल भारतीय सेना के अदम्य साहस, राष्ट्र सुरक्षा तथा देश की मातृशक्ति के सम्मान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से की गई। पत्रों में “ऑपरेशन सिंदूर” को राष्ट्र की अस्मिता एवं महिलाओं के सम्मान की रक्षा हेतु एक ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी अभियान बताया गया।
विशेष बात यह रही कि सभी पत्र क्लब के आधिकारिक लेटरहेड पर हस्तलिखित रूप में तैयार किए गए, जिससे उनमें आत्मीयता, सम्मान एवं भावनात्मक जुड़ाव की विशेष झलक दिखाई दी। क्लब पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भारतीय सशस्त्र बलों के शौर्य, समर्पण एवं राष्ट्रभक्ति को नमन करते हुए देश की सुरक्षा में उनके अमूल्य योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर क्लब की सचिव प्रियंका सिंह, कोषाध्यक्ष प्रियंका श्रीवास्तव सहित सदस्य फरीदा खान, सुजाता पांडेय, तौकीर फातिमा, संगीता सिंह, मीरा सिंह एवं बेबी सिंह उपस्थित रहीं।
इनरव्हील क्लब ओबरा की इस सराहनीय एवं राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत पहल की क्षेत्र में व्यापक प्रशंसा की जा रही है।




